16 जुलाई को रायपुर में निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे ‘छेरा पहरा

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट 

रायपुर। राजधानी के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी, जबकि 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा आयोजित होगी। रथयात्रा से पूर्व 14 जुलाई को नेत्रोत्सव संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के तीनों दिव्य रथ आकर्षक श्रृंगार के साथ तैयार हैं।

 

श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष एवं विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि रथयात्रा के दिन 11 वैदिक पंडितों द्वारा विशेष अभिषेक, पूजन और हवन कराया जाएगा। चंदन, केसर, कस्तूरी, कपूर सहित सुगंधित द्रव्यों से भगवान का दिव्य स्नान होगा और पारंपरिक गजामूंग महाप्रसाद अर्पित किया जाएगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और मंगल वाद्ययंत्रों के बीच भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा अपने दिव्य रथों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

परंपरा के अनुसार राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भगवान के रथ के समक्ष सोने की झाड़ू से ‘छेरा पहरा’ की सेवा करेंगे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

 

रथयात्रा के दौरान महिला मंडलों द्वारा भजन-कीर्तन, आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां और पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर होगा। मंदिर सेवा समिति ने श्रद्धालुओं से सपरिवार रथयात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *