नई सोच, नई भूमिका और नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरेगी JCCJ 2.0 – अमित जोगी

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट 

रायपुर, छत्तीसगढ़ की एकमात्र मान्यता प्राप्त क्षेत्रीय राजनीतिक दल जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने संगठन के पुनर्गठन और जनहित के मुद्दों पर नए संकल्प के साथ JCCJ 2.0 की शुरुआत की है। पार्टी अध्यक्ष अमित जोगी ने आज प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि अब जनता कांग्रेस नए तेवर और नए कलेवर के साथ प्रदेश की जनता के बीच जाएगी। पार्टी को नए सिरे से मजबूत, सक्रिय और जनआंदोलनों से जुड़ा संगठन बनाया जाएगा।

 

उन्होंने घोषणा की कि पार्टी के युवा संगठन अजीत जोगी युवा मोर्चा का नाम बदलकर “जनता युवा कांग्रेस (JYC)” रखा गया है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय के नेतृत्व में प्रदेशभर में “बेटा बचाओ अभियान” चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे, बेरोजगारी, अपराध और सामाजिक बुराइयों से बचाने के लिए व्यापक जनजागरण किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान अमित जोगी ने कांग्रेस के साथ विलय के विषय पर भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) कांग्रेस में विलय चाहती थी। इस संबंध में लगभग एक वर्ष पूर्व कांग्रेस पार्टी को पत्र भी भेजा गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई निर्णय नहीं लिया गया। ऐसे में पार्टी ने स्वयं को पुनर्गठित कर नई शुरुआत करने का निर्णय लिया है।उन्होंने कहा कि आज हमें कांग्रेस की नहीं बल्कि कांग्रेस को अन्य दलों के सहारे की आवश्यकता है। पूरे देश में कांग्रेस की स्थिति चुनौतीपूर्ण है और भाजपा को रोकने के लिए सभी दलों को एक जुट होकर संघर्ष करना पड़ेगा।

भाजपा की “बी-टीम” कहे जाने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अमित जोगी ने कहा कि इस तरह का टैग जनता कांग्रेस पर लगाया गया, जिससे जनता के बीच गलत संदेश गया और पार्टी को भारी राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा। अब जनता कांग्रेस नई सोच, नई भूमिका और नई ऊर्जा के साथ जनता के बीच जाएगी तथा अपने कार्यों से लोगों का विश्वास पुनः अर्जित करेगी। अमित जोगी ने ग्राम नकटी की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) पीड़ित ग्रामीणों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले में केवल राजनीति नहीं करेगी, “नेता बनकर नहीं, बल्कि बेटा बनकर” पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी। पार्टी न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर नकटी के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कानूनी सहयोग प्रदान करेगी।

 

इस अवसर पर पार्टी की सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी ने भी पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने स्वर्गीय अजीत जोगी द्वारा लिखित पुस्तक “दृष्टिकोण” और “सदी के मोड” पत्रकारों के बीच वितरण किया गया तथा उनके विचारों और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने स्पष्ट किया कि JCCJ 2.0 केवल संगठनात्मक परिवर्तन नहीं, बल्कि युवाओं, किसानों, महिलाओं, गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों की नई लड़ाई का संकल्प है। पार्टी प्रदेश के हर वर्ग के बीच जाकर जनविश्वास को मजबूत करेगी और जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *