सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बाद जलभराव को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बारिश से किसानों को राहत मिली है, लेकिन कांग्रेस को यह भी रास नहीं आ रहा। वहीं उन्होंने दो दिवसीय चिंतन शिविर को सरकार के लिए बेहद उपयोगी बताया।
मीडिया से चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर जलभराव होना स्वाभाविक है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही जलभराव की स्थिति सामान्य हो जाएगी और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
अरुण साव ने रायपुर में आयोजित चिंतन शिविर को लेकर कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, नीति आयोग के प्रतिनिधियों और समाज के कई प्रतिष्ठित लोगों के मार्गदर्शन से सरकार को नीति निर्माण में नई दिशा मिली है। शिविर में सुशासन, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, प्रशासनिक सुधार, प्राकृतिक खेती, पर्यटन और राज्य के समग्र विकास जैसे विषयों पर विस्तृत मंथन हुआ, जिसका लाभ पूरे प्रदेश को मिलेगा।





