प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाने के निर्देश, मुख्य सचिव ने की विभागों की समीक्षा बैठक

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट 

छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक कामकाज को और तेज करने के लिए राज्य सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक लेकर विभागीय योजनाओं, महत्वपूर्ण परियोजनाओं और लंबित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान बैकलॉग रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मुख्य सचिव ने सभी विभागों को बैकलॉग के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग अपनी योजनाओं और कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करें, ताकि निर्धारित समय सीमा में सभी लक्ष्यों को पूरा किया जा सके। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग पर विशेष जोर देने को कहा।

समीक्षा बैठक में लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास योजनाओं और पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं और पोर्टलों की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने शासन की प्रमुख परियोजनाओं के लिए भू-अर्जन से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज होने से विकास कार्यों को गति मिलेगी। बैठक में वन, गृह, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, कृषि, राजस्व, नगरीय प्रशासन, परिवहन और कौशल विकास सहित विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *