सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राजधानी रायपुर स्थित आईआईएम में दो दिवसीय चिंतन शिविर 3.0 की शुरुआत हो गई है। शिविर में मुख्यमंत्री सहित पूरा मंत्रिमंडल शामिल है, जहां विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को साकार करने के लिए विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी।

चिंतन शिविर में सुशासन, नीति निर्माण, नवाचार और परिणाम आधारित प्रशासन पर व्यापक मंथन होगा। इसके अलावा कृषि, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, टेक्नोलॉजी और जनसेवा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के विकास के लिए नई रणनीतियां तैयार की जाएंगी, ताकि राज्य के समग्र विकास को नई गति मिल सके।

शिविर की खास बात यह है कि इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ मंत्रियों का मार्गदर्शन करेंगे। आध्यात्मिक गुरु गौर गोपाल दास जीवन मूल्यों, सकारात्मक नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास पर अपने विचार साझा करेंगे, जबकि नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर भविष्य की शासन व्यवस्था, तकनीक और नवाचार आधारित प्रशासन को लेकर मंत्रिमंडल को संबोधित करेंगे। दो दिवसीय इस शिविर से राज्य के विकास की दिशा तय करने वाले कई महत्वपूर्ण फैसलों और नई कार्ययोजनाओं के सामने आने की उम्मीद है।





