सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ में बस यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश में संचालित सभी यात्री बसों में वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। परिवहन विभाग ने सभी बस संचालकों को 15 दिनों के भीतर यह डिवाइस लगाने और इसे हर समय सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। आदेश का पालन नहीं करने वाले बस ऑपरेटरों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम 1988 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नवा स्थित परिवहन मुख्यालय में परिवहन सचिव एवं आयुक्त **एस. प्रकाश** की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। जिन बसों में अभी तक ट्रैकिंग डिवाइस नहीं लगी है, उन्हें 15 दिनों के भीतर इंस्टॉल करना होगा। वहीं जिन बसों में डिवाइस लगी होने के बावजूद बंद या निष्क्रिय है, उसे तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था से बसों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी और किसी भी तरह की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई संभव होगी।
इस नई तकनीक के लागू होने के बाद नवा रायपुर स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से पूरे प्रदेश की बसों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। वहीं आम यात्री बस संगवारी’ ऐप के जरिए अपनी बस की लाइव लोकेशन मोबाइल पर देख सकेंगे। परिवहन विभाग का मानना है कि इससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा बढ़ेगी, यात्रा अधिक पारदर्शी होगी और बस संचालन व्यवस्था भी पहले से अधिक प्रभावी बन सकेगी।




