रायपुर से महेंद्र नामदेव कि रिपोर्ट
भिलाई की 24 वर्षीय युवती की अस्पताल में हुई मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मनगट्टा स्थित विसली वुड रिसॉर्ट में एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामला रहस्यमय नजर आ रहा है, क्योंकि युवती के साथ रिसॉर्ट में ठहरे लोग घटना के बाद वहां से गायब हो गए।
मृतका की पहचान भिलाई निवासी मुस्कान तिवारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपने कुछ परिचितों के साथ रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी। देर रात वह बाथरूम गई, जहां कुछ समय बाद बेहोशी की हालत में मिली। सुबह करीब आठ बजे रिसॉर्ट प्रबंधन को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, युवती के साथ आए लोग सुबह होने से पहले ही रिसॉर्ट छोड़कर चले गए, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। रिसॉर्ट के कर्मचारियों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। युवती की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, पुलिस फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है।




