सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए।
रायपुर से महेंद्र नामदेव के साथ वैष्णवी नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर के गुढ़ियारी में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर इस बार भव्य दही हांडी उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। 5 सितंबर 2026, शनिवार को अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड में होने वाले इस आयोजन में 15 लाख रुपये की इनामी दही हांडी के लिए गोविंदा टोलियों के बीच जोरदार मुकाबला होगा। आयोजन के 16वें वर्ष में छत्तीसगढ़ के साथ महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों की गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी। अब तक करीब 26 गोविंदा और महिला गोविंदा टोलियां पंजीयन करा चुकी हैं और प्रतियोगिता में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
दही हांडी उत्सव में इस बार भक्ति के साथ मनोरंजन का भी जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा। मशहूर गायक बी प्राक अपनी शानदार प्रस्तुति से युवाओं को झूमने पर मजबूर करेंगे, वहीं अंतर्राष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे। छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर भी अपनी प्रस्तुति देंगी। आयोजन में बड़ी संख्या में कृष्ण भक्तों और युवाओं के पहुंचने की उम्मीद है।
प्रतियोगिता में पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीस लगे खंभे वाली दही हांडी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। अलग-अलग राज्यों से पहुंचने वाली गोविंदा टोलियां अपनी ताकत, साहस, उत्साह और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगी। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन के सहयोग से पुलिस व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी समुचित इंतजाम किए गए हैं।
सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने सभी कृष्ण भक्तों, युवाओं और रायपुरवासियों से बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल होने की अपील की है। समिति का कहना है कि इस बार गुढ़ियारी में आस्था, रोमांच और संगीत का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जो पूरे रायपुर को कृष्ण भक्ति में सराबोर कर देगा। 5 सितंबर को गूंजेगा ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ का जयघोष और 15 लाख की दही हांडी के लिए गोविंदा टोलियों के बीच होगा जोरदार मुकाबला।




