सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
मैट्स विश्वविद्यालय में गूंजा देशभक्ति का स्वर, “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने किया भावपूर्ण काव्य-पाठ
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मैट्स विश्वविद्यालय के कला एवं मानविकी अध्ययनशाला के हिन्दी विभाग द्वारा “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कविताओं का भावपूर्ण काव्य-पाठ कर वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। काव्य-पाठ प्रतियोगिता में आदित्य शुक्ला ने प्रथम स्थान, कविता चौबे ने द्वितीय और नम्रता बोहिदार ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं भवानी, अर्शिया, विकास, अरलीन, शाहीन, भूपेंद्र एवं बच्चन दास ने भी सराहनीय प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के अंत में विजेताओं एवं प्रतिभागियों को कुलसचिव गोकुलानंद पंडा, हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. रेशमा अंसारी सहित अन्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. रेशमा अंसारी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और शहीदों के त्याग एवं बलिदान से परिचित कराया जाता है। मैट्स विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गजराज पगारिया, कुलपति प्रो. डॉ. के. पी. यादव, उपकुलपति डॉ. दीपिका डांड, महानिदेशक प्रियेश पगारिया और कुलसचिव गोकुलानंद पंडा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों में राष्ट्रीय मूल्यों के संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. नोमेश्वरी साहू ने किया। इस अवसर पर हिन्दी विभाग के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




