सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर। सुंदर नगर वार्ड में मंदिर निर्माण के विरोध को लेकर सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व पार्षद मृत्युंजय दुबे पर मंदिर निर्माण का विरोध करने का आरोप लगा है। यह आरोप किसी और ने नहीं बल्कि संदीप तिवारी ने लगाया है। संदीप तिवारी ने कहा कि मंदिर आस्था और भारतीय संस्कृति के प्रतीक हैं, ऐसे में मंदिर निर्माण का विरोध करना कई सवाल खड़े करता है।

संदीप तिवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व पार्षद मृत्युंजय दुबे का यह पहला सनातन विरोधी कृत्य नहीं है। इससे पहले भी उन्होंने अश्वनी नगर सामुदायिक भवन में भागवत कथा के लिए आरक्षित हॉल का विरोध कर उसे रद्द करवाया था। तिवारी ने सवाल उठाया कि मृत्युंजय दुबे लगभग 20 साल तक सुंदर नगर वार्ड के पार्षद रहे, लेकिन अपने पूरे कार्यकाल में एक भी मंदिर का निर्माण नहीं कराया। जिस जमीन पर आज मंदिर बन रहा है, उसी जमीन पर अपने कार्यकाल में उन्होंने हाई मास्क लाइट लगवाकर श्रेय लिया था, तो अब उसी जमीन पर मंदिर निर्माण से आपत्ति क्यों?

संदीप तिवारी ने आगे कहा कि यह पूरे मामले में दो पार्षदों के बीच श्रेय की लड़ाई है, जिसे सुंदर नगर की जनता बखूबी समझ रही है। उन्होंने मांग की है कि भारतीय जनता पार्टी जो खुद को सनातनी होने का दम भरती है, वह अपने ही पूर्व पार्षद मृत्युंजय दुबे पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं कर रही। भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। पूर्व पार्षद को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना चाहिए कि मंदिर निर्माण से उनकी वास्तविक आपत्ति क्या है, अगर कोई तकनीकी या कानूनी आपत्ति है तो उसे तथ्यों के साथ सामने रखा जाए।




