रायपुर गुमशुदगी मामले की सच्चाई क्या है?

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट 

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक खबर तेजी से वायरल हो रही है कि 24 घंटे में 159 लोग लापता हो गए। सोशल मीडिया पर इसे लेकर दहशत का माहौल है। लेकिन इस खबर की सच्चाई क्या है? क्या वाकई रायपुर में एक दिन में 159 लोग गायब हुए हैं?

दरअसल 5 अक्टूबर को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में 24 घंटे के अंदर गुमशुदगी की 159 FIR दर्ज की गईं। आंकड़ा सुनने में बड़ा है, इसलिए हेडलाइन भी बड़ी बन गई।

लेकिन पुलिस रिकॉर्ड बताता है कि ये 159 लोग एक दिन में गायब नहीं हुए।

 

हुआ ये है कि सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में एक निर्देश दिया है। निर्देश के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति गायब होता है, तो पुलिस को सिर्फ गुम इंसान की शिकायत नहीं, बल्कि अपहरण का मामला दर्ज करके जांच करनी होगी। साथ ही यह भी जांचना होगा कि कहीं उस व्यक्ति को बंधक बनाकर तो नहीं रखा गया।

 

इसी आदेश के बाद रायपुर पुलिस ने पहले के सभी पुराने पेंडिंग मामलों को अब नए सिरे से FIR में बदला है। उसी प्रक्रिया के तहत एक साथ 159 मामले दर्ज हुए।

 

आंकड़ों पर गौर करें तो इनमें 78 महिलाएं, 54 पुरुष, 17 नाबालिग बच्चे और 10 बुजुर्ग शामिल हैं। सबसे ज्यादा मामले उरला और मुजगहन थाने से हैं, जहां पुरानी शिकायतें सबसे ज्यादा लंबित थीं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद सभी गुमशुदगी के मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है। हर मामले में मोबाइल लोकेशन, आखिरी बार देखे जाने की जगह और परिजनों से पूछताछ के आधार पर तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक गुमशुदगी के पीछे की वजहें अक्सर पारिवारिक विवाद, पति-पत्नी में अनबन, प्रेम प्रसंग, आर्थिक तंगी या पढ़ाई का दबाव होती हैं। इसमें किसी संगठित गैंग का हाथ होने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।

तो साफ है कि रायपुर में एक दिन में 159 लोग गायब होने की खबर पूरी तरह से भ्रामक है। हकीकत ये है कि पुलिस अब गुमशुदा लोगों को ज्यादा गंभीरता से ढूंढ रही है।

इसलिए ऐसी खबरों से डरने की नहीं, बल्कि सजग रहने की जरूरत है।