GPM में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 19 अवैध क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब सील

रायपुर से महेंद्र नामदेव कि रिपोर्ट

गौरेरेला-पेंड्रा-मरवाही। जनस्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विशेष जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 19 क्लीनिक और पैथोलॉजी लैबों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कई संस्थानों में आवश्यक लाइसेंस, फायर सेफ्टी प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं मिले।

जांच में यह भी सामने आया कि अधिकांश संस्थानों में बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। वहीं कुछ एक्स-रे केंद्रों में रेडिएशन से जुड़े अनिवार्य दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। सबसे गंभीर मामला तब सामने आया, जब एक क्लीनिक में डॉक्टर की गैरमौजूदगी में एक अयोग्य व्यक्ति मरीजों का इलाज करते पाया गया। इसे जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा मानते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैबों को नियमानुसार लाइसेंस, फायर सेफ्टी, योग्य चिकित्सकीय स्टाफ और सभी आवश्यक दस्तावेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *