सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
सड़क हादसों से गौ माता की सुरक्षा के लिए सुदर्शन न्यूज के कैमरामैन योगेंद्र साहू ने एक सराहनीय और मानवीय पहल की है। अक्सर देखा जाता है कि रात के समय सड़कों पर बैठी या विचरण कर रही गौ माता वाहन चालकों को दूर से दिखाई नहीं देतीं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से गौ माता की जान तक चली जाती है। इसी गंभीर समस्या को देखते हुए योगेंद्र साहू ने गौ माता की सुरक्षा के लिए एक छोटी लेकिन बेहद महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने गौ माता के गले में रेडियम पट्टी पहनाई। रायपुर पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई रेडियम पट्टियों के माध्यम से गौ माता को सड़क हादसों से बचाने की यह कोशिश की गई।
इस रेडियम पट्टी की खासियत यह है कि रात के अंधेरे में जब किसी वाहन की हेडलाइट इसकी सतह पर पड़ती है, तो यह चमकने लगती है। इससे वाहन चालक को दूर से ही सड़क पर मौजूद गौ माता दिखाई देने लगती हैं और उन्हें समय रहते वाहन की रफ्तार कम करने या दिशा बदलने का मौका मिल जाता है।

इस पहल का मकसद सिर्फ गौ माता के गले में रेडियम पट्टी पहनाना नहीं, बल्कि सड़क पर होने वाले हादसों को कम करना और वाहन चालकों को समय रहते सतर्क करना है। रात के समय अचानक सड़क पर सामने आ जाने वाली गौ माता की वजह से कई बार वाहन चालक भी दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में रेडियम पट्टी गौ माता के साथ-साथ वाहन चालकों की सुरक्षा का भी एक अतिरिक्त माध्यम बन सकती है।
योगेंद्र साहू का कहना है कि अगर हमारी छोटी सी कोशिश किसी एक गौ माता की जान बचा सके, किसी वाहन चालक को दुर्घटना से बचा सके, तो इससे बड़ी बात और क्या हो सकती है। समाज में बदलाव हमेशा बड़े अभियानों से नहीं आता, कई बार एक छोटी सी पहल भी लोगों के लिए प्रेरणा बन जाती है।

रायपुर पुलिस द्वारा रेडियम पट्टी उपलब्ध कराना और उसे गौ माता की सुरक्षा के लिए इस्तेमाल करना भी एक सराहनीय कदम है। इस तरह के प्रयासों से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और सड़क पर गौ माता की सुरक्षा को लेकर समाज के दूसरे लोग भी आगे आने के लिए प्रेरित होंगे।
जरूरत है कि लोग सिर्फ हादसा होने के बाद चिंता न करें, बल्कि हादसा होने से पहले उसकी रोकथाम के लिए कदम उठाएं। अगर सड़क पर बैठी गौ माता को अंधेरे में दूर से ही देखा जा सके, तो एक छोटी सी सावधानी किसी बड़ी दुर्घटना को टाल सकती है।





