महेंद्र नामदेव
नवा रायपुर के सेंध जलाशय में आयोजित 36वीं नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप का भव्य समापन रविवार को हुआ। समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। 12 जून से शुरू हुई इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों के 810 खिलाड़ियों के साथ करीब 400 अधिकारी, खेल संघों के पदाधिकारी और सपोर्टिंग स्टाफ ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश ओवरऑल चैंपियन बना, जबकि केरल ने दूसरा और ओड़िशा ने तीसरा स्थान हासिल किया।अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी कयाकिंग और कैनोइंग में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त जरिया हैं। समारोह में तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों में उज्ज्वल भविष्य बनाने का आह्वान किया।


